हल्द्वानी। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम स्थापना दिवस मेला-2026 को सकुशल, सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। मेले में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और जनसुविधाओं को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है।
शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में आयोजित उच्चस्तरीय ब्रीफिंग में कुमाऊं परिक्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक निवेदिता कुकरेती कुमार, जिलाधिकारी ललित मोहन रायल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मेला ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंदिर परिसर, प्रवेश द्वारों, पार्किंग स्थलों, बैरियरों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में बम निरोधक दस्ते द्वारा लगातार एंटी-सबोटाज चेकिंग की जाएगी। साथ ही स्थानीय अभिसूचना इकाइयों को भी पूरी तरह सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुचारू यातायात व्यवस्था के लिए भी विशेष योजना बनाई गई है। पुलिस अधीक्षक यातायात डॉ. जगदीश चंद्र ने विस्तृत ट्रैफिक और डायवर्जन प्लान की जानकारी देते हुए निर्देश दिए कि किसी भी पुल, संकरे मार्ग या संवेदनशील स्थान पर भारी वाहनों की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इसके साथ ही पार्किंग व्यवस्था, शटल सेवा, खोया-पाया केंद्र और विशेष वाहनों के संचालन को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए गए।
पूरे मेले क्षेत्र को चार सुपर जोन और 14 जोन में विभाजित किया गया है, जहां वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में सुरक्षा व्यवस्था संचालित होगी। सभी जोनल और सुपर जोनल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण कर पुलिस कर्मियों को जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से समझाने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत तीन एसएसपी एवं एसपी स्तर के अधिकारी, आठ अपर पुलिस अधीक्षक, 14 क्षेत्राधिकारी, 26 निरीक्षक एवं थाना प्रभारी, 146 उपनिरीक्षक, 475 पुलिसकर्मी, 455 प्रशिक्षु कांस्टेबल, दो कंपनी पीएसी, दो कंपनी सीएपीएफ के साथ-साथ एसडीआरएफ, फायर सर्विस और बम निरोधक दस्ते की तैनाती की गई है।
संचार व्यवस्था को मजबूत करने के लिए एएसआई और उससे ऊपर के सभी अधिकारियों को वायरलेस हैंडसेट उपलब्ध कराए जाएंगे। वहीं नैनीताल और कैंची क्षेत्र के होटलों में वैध बुकिंग वाले वाहनों के लिए विशेष स्टिकर व्यवस्था लागू करने का भी निर्णय लिया गया है, ताकि यातायात दबाव को नियंत्रित किया जा सके।


