उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के सल्ट–भिकियासैंण क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। भिकियासैंण–विनायक मार्ग पर द्वाराहाट से रामनगर जा रही एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर चीख-पुकार का माहौल बन गया।
प्रशासन से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में 7 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में 5 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं। बस में कुल 19 यात्री सवार थे। घायलों में से 2 की हालत गंभीर होने पर उन्हें एयरलिफ्ट कर हायर सेंटर रेफर किया गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। चार घायलों को रामनगर लाया गया, जिनमें से दो को परिजन निजी अस्पताल ले गए, जबकि दो घायलों को रामनगर के रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
सरकारी अस्पताल में भर्ती घायलों में जीआईसी द्वाराहाट में तैनात शिक्षक राकेश कुमार उर्फ राकेश धस्माना और द्वाराहाट क्षेत्र के ग्राम नौबाड़ा की ग्राम प्रधान नंदी देवी शामिल हैं।
हादसे में घायल शिक्षक राकेश धस्माना ने बताया कि वे छुट्टियों के दौरान द्वाराहाट से देहरादून जा रहे थे। उन्होंने बताया कि बस के अचानक अनियंत्रित होने पर उन्होंने ड्राइवर सीट के पीछे लगी लोहे की पाइप को पकड़ लिया, जिससे उनकी जान बच गई। हालांकि बस के खाई में गिरते ही वे गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए।
वहीं ग्राम प्रधान नंदी देवी के साथ मौजूद परिजन लक्ष्मी देवी ने बताया कि नंदी देवी भिकियासैंण में आयोजित ग्राम प्रधानों की बैठक में शामिल होने जा रही थीं। उन्होंने आशंका जताई कि हादसा बस के ब्रेक फेल या स्टेयरिंग में खराबी के कारण हुआ हो सकता है। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस का स्टेयरिंग टूट गया था, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका।
फिलहाल जिला प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं। यह दुर्घटना एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर करती है।


