उत्तराखंड में रविवार को एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए। दोपहर करीब 12 बजकर 51 मिनट पर आए भूकंप से लोगों में दहशत फैल गई और कई लोग घरों से बाहर निकल आए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.7 दर्ज की गई। इसका केंद्र पिथौरागढ़ जिले के मूनाकोट क्षेत्र में जमीन से करीब 11 किलोमीटर की गहराई में था।
भूकंप के बाद जिला और राज्य आपदा प्रबंधन विभाग स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल जिले में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। अधिकारियों के अनुसार, जिले की स्थिति सामान्य बनी हुई है और संबंधित अधिकारियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है।
तिब्बत में आए भूकंप के बाद बढ़ी चिंता
हाल ही में 22 अक्टूबर को उत्तराखंड से सटे तिब्बत क्षेत्र में भी शक्तिशाली भूकंप आया था। रिपोर्ट के अनुसार, 7.0 तीव्रता के इस भूकंप से कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ था। कई मकानों में दरारें आ गई थीं, जबकि कुछ इमारतें ढह गई थीं। इस घटना में 16 लोगों की मौत और 32 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी। इसके कुछ दिन बाद उत्तराखंड में भूकंप के झटके महसूस होने से लोगों की चिंता बढ़ गई।
आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट
आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि भूकंप के बाद संबंधित जिला अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है। स्थिति पर नजर रखी जा रही है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार, जिले में स्थिति सामान्य है और किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है।



