उत्तराखंड में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक झड़प का रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम पर भी हमला किया गया, जिसमें एक पुलिसकर्मी समेत कुल पांच लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, मामला हरिद्वार जिले के झबरेड़ा थाना क्षेत्र के कोटवाल आलमपुर गांव का है, जहां ईद-उल-अजहा के मौके पर कुर्बानी के अवशेष हटाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ। शुरुआत में हुई हल्की कहासुनी ने धीरे-धीरे उग्र रूप ले लिया और दोनों ओर से लाठी-डंडों से मारपीट होने लगी।
हालात बिगड़ने की सूचना पर लखनौता पुलिस चौकी से पुलिसकर्मी हरेंद्र कुमार और होमगार्ड चुन्नीलाल मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ बेकाबू हो गई। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिसमें पुलिसकर्मी हरेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी नाक की हड्डी टूट गई।
इस घटना में पुलिसकर्मी सहित कुल पांच लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत रुड़की के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
स्थिति को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी तरह की और अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस ने अब तक दो लोगों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं पीड़ित पक्ष का कहना है कि कुछ लोग अपने घर के भीतर गौकशी कर रहे थे। जब उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी, तो इसी बात से नाराज होकर उन पर हमला किया गया।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि झगड़े की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और हालात को संभालने का प्रयास किया गया, लेकिन इसी दौरान पुलिसकर्मी घायल हो गया। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है।


