उत्तराखंड में सनसनीखेज मामला सामने आया है। हरिद्वार के जिला कारागार के वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी दी गई है। फोन कॉल और व्हाट्सऐप मैसेज के जरिए मिली धमकी के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। मामले में सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जांच शुरू करते हुए धमकी देने वाले की तलाश तेज कर दी है।
बताया जा रहा है कि धमकी देने वाला व्यक्ति जेल में बंद एक महिला कैदी का पति हिमांशु चड्ढा है। आरोप है कि वह अपनी पत्नी को जेल के भीतर फोन कॉल समेत अन्य गैरकानूनी सुविधाएं दिलाने के लिए जेल अधिकारियों पर दबाव बना रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर उसने कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लेते हुए जेल अधीक्षक को जान से मारने की धमकी दी।
घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस सर्विलांस और साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन, मोबाइल नंबर और व्हाट्सऐप मैसेज से जुड़ी तकनीकी जानकारी जुटा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि धमकी में गैंग का नाम वास्तव में किसी आपराधिक नेटवर्क से जुड़ा है या दबाव बनाने के लिए उसका इस्तेमाल किया गया।


