इंस्टाग्राम पर रील बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद का खौफनाक अंत हो गया। गाजियाबाद के सिहानी गेट थाना क्षेत्र के पटेलनगर में एक विवाहिता ने घर की छत के कुंडे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मायके पक्ष ने पति पर लंबे समय से प्रताड़ित करने, मारपीट करने और पत्नी के चरित्र पर शक करने के आरोप लगाए हैं। मृतका के भाई की शिकायत पर पुलिस ने पति पान सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उत्तराखंड के अल्मोड़ा निवासी मृतका के भाई ने पुलिस को बताया कि उनकी बहन की शादी दिसंबर 2012 में पान सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद से दोनों पटेलनगर में रह रहे थे। भाई के मुताबिक, उनकी बहन इंस्टाग्राम पर रील बनाया करती थी, लेकिन उसका पति इसका विरोध करता था। आरोप है कि रील बनाने को लेकर वह पत्नी पर शक करता और आए दिन उसके साथ विवाद करता था। बहन ने कई बार फोन कर मायके वालों को पति की हरकतों की जानकारी दी थी।
मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि पान सिंह शराब पीने के बाद अक्सर उनकी बहन के साथ मारपीट करता था। वह शराब खरीदने के लिए रुपये भी मांगता था। रुपये नहीं देने पर डंडे से पिटाई करने का आरोप है। परिजनों के अनुसार, विवाहिता ने मारपीट से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्य भी अपने मायके वालों को दिखाए थे। आरोप है कि नौ सितंबर को भी पति ने उसके साथ मारपीट की थी।
इसके बाद विवाहिता ने घर की छत के कुंडे से फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
एसीपी जियाउद्दीन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। विवाहिता के सोशल मीडिया अकाउंट की भी जांच की जा रही है। मृतका के भाई की शिकायत पर पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी घटना के बाद से फरार है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।


