हल्द्वानी के पॉश इलाके में देर रात एक युवती के साथ छेड़छाड़ और पीछा करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना स्टेडियम क्षेत्र से लेकर रामपुर रोड तक की बताई जा रही है, जहां बुलेट सवार दो युवकों ने युवती का पीछा करते हुए उसे परेशान किया।
जानकारी के अनुसार, युवती अपने भाई के साथ बाइक पर सवार थी। इसी दौरान दो युवक बुलेट मोटरसाइकिल पर उनका पीछा करने लगे। आरोप है कि युवकों ने रास्ते भर युवती पर फब्तियां कसीं और उसे डराने-धमकाने की कोशिश की।
युवती और उसका भाई इस दौरान काफी घबरा गए और सड़क पर मदद के लिए आवाज लगाते रहे, लेकिन आरोपी लगातार उनका पीछा करते रहे। घटना के दौरान युवती बेहद डरी-सहमी नजर आई और खुद को बचाने का प्रयास करती रही।
पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी युवकों को युवती का पीछा करते और उसे परेशान करते हुए साफ देखा जा सकता है। वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की।
हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया, “एक वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया था, जिसमें बाइक सवार युवक-युवती के पीछे दो युवक पीछा करते दिख रहे हैं। वे टिप्पणी करने के साथ ही उन्हें परेशान करते नजर आए। मामले में दोनों युवकों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।”


