उत्तराखंड में शनिवार सुबह प्रेम प्रसंग को लेकर चल रहा विवाद खूनी वारदात में बदल गया। जिसमें एक युवक ने पड़ोस में रहने वाले युवक को गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने अपनी बहन को भी गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवती ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल है। पुलिस ने एहतियातन गांव में बल तैनात कर दिया है।
पुलिस के अनुसार के हरिद्वार जिले के रूड़की के झबरेड़ी कलां निवासी अमन को अपनी बहन रूपा के पड़ोस में रहने वाले मुन्ना उर्फ सूरज से प्रेम प्रसंग को लेकर शक था। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच करीब एक वर्ष पहले भी विवाद हुआ था। हालांकि, उस समय मामला शांत हो गया था। इसके बाद भी दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था।
शनिवार सुबह मुन्ना अपने घर में लेटा हुआ था। इसी दौरान अमन तमंचा लेकर उसके घर पहुंचा और मुन्ना को गोली मार दी। गोली लगने से मुन्ना गंभीर रूप से घायल हो गया और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वहां से निकलकर अपने घर पहुंचा और अपनी बहन रूपा को भी गोली मार दी।
गोली लगने से रूपा गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मुन्ना के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, गंभीर हालत में रूपा को अस्पताल ले जाया गया। हालत बिगड़ने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
एक ही गांव में दो लोगों की गोली मारकर हत्या किए जाने की सूचना से पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है। एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि दोनों परिवारों के बीच प्रेम प्रसंग को लेकर पहले से विवाद होने की बात सामने आई है। करीब एक वर्ष पहले भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद हुआ था। प्रथम दृष्टया शनिवार की वारदात का संबंध इसी विवाद और प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल किए गए तमंचे के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है कि वह आरोपी के पास कहां से आया। घटना के बाद आरोपी अमन मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही घटना की पूरी वजह और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।


