उत्तराखंड में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां युवक और युवतियों के बीच सड़क पर जमकर मारपीट हुई। इस दौरान लात-घूंसे के साथ बेल्ट से भी मारपीट की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ युवतियां भी मारपीट करती नजर आ रही हैं। मामला हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र का बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि सिडकुल क्षेत्र की एक फैक्ट्री में काम करने वाले युवक और युवतियां छुट्टी के समय बाहर निकले थे। इसी दौरान एक युवक और युवती के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग सड़क पर आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे के साथ मारपीट शुरू कर दी।
मारपीट के दौरान कई युवक एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाते नजर आए। वहीं कुछ युवतियां भी विवाद में शामिल होकर मारपीट करती दिखाई दीं। सड़क पर काफी देर तक हंगामा होने के कारण मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। इसी बीच किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है। वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान की जा रही है और घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवक और युवती के बीच विवाद की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।


