उत्तराखंड में युवती से पहचान छिपाकर दोस्ती करने, शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी व धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि युवक ने उसकी आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी दी। शिकायत के आधार पर टनकपुर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर 22 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मामला चंपावत जिले का है। पीड़िता ने 28 सितंबर को टनकपुर कोतवाली में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में उसने आरोप लगाया कि युवक ने अपनी धार्मिक पहचान छिपाकर उससे दोस्ती की। इसके बाद दोनों के बीच संबंध बने। कुछ समय बाद युवती को युवक की वास्तविक पहचान के बारे में जानकारी हुई।
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद युवक ने उस पर अपना धर्म अपनाने और उससे शादी करने का दबाव बनाया। ऐसा नहीं करने पर आरोपी ने उसकी आपत्तिजनक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। आरोप है कि लगातार दबाव और धमकियों से परेशान होकर युवती ने पुलिस से शिकायत की।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी के बयान दर्ज किए और उपलब्ध तथ्यों व साक्ष्यों की जांच की। इसके बाद पुलिस ने 22 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। एसपी चंपावत रेखा यादव ने महिला अपराध से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।


