उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र ने मंगलवार को राज्य के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवाओं और बर्फबारी को लेकर चेतावनी जारी की है। खासतौर पर पर्वतीय जिलों में मौसम का असर अधिक देखने को मिल सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में 2800 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। वहीं निचले और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इसके अलावा मौसम विभाग ने देहरादून, पौड़ी और नैनीताल जिलों में आकाशीय बिजली चमकने और तेज झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर भारत के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तराखंड में यह मौसमी बदलाव देखने को मिल रहा है, जिसका प्रभाव अगले 24 से 48 घंटे तक बना रह सकता है।
बर्फबारी के चलते केदारनाथ, बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, औली और मुनस्यारी जैसे ऊंचाई वाले पर्यटन स्थलों पर तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड और बढ़ने की संभावना है।


