उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में शुक्रवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी घायल हो गई। हादसा काशीपुर-रामनगर मार्ग पर चौधरी ढाबे के पास हुआ, जहां काशीपुर से रामनगर की ओर आ रही नई स्कॉर्पियो की सामने से आ रहे डंपर से जोरदार भिड़ंत हो गई।
पुलिस के अनुसार, हादसा 2 अक्टूबर की रात करीब 1:20 बजे हुआ। काली रंग की नई स्कॉर्पियो अस्थायी नंबर के साथ काशीपुर से रामनगर की ओर जा रही थी। इसी दौरान डंपर संख्या HR38AC 4554 पीरूमदारा से काशीपुर की ओर जा रहा था। चौधरी ढाबे के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में स्कॉर्पियो चालक यतीस यादव पुत्र सुरेश चंद यादव, निवासी शाहपुर बमेठा, थाना वेब सिटी, गाजियाबाद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी शीतल घायल हो गईं। पुलिस ने घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। रामनगर कोतवाल सुशील कुमार के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डंपर चालक द्वारा ओवरटेक किए जाने के दौरान हादसा हुआ। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतक के शव की पंचायतनामा कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाले यतीस यादव राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी थे। हालांकि, उनके खेल रिकॉर्ड और उपलब्धियों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


