हल्द्वानी-भीमताल मार्ग पर रानीबाग के पास सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में पांच साल की बच्ची कनक की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में मातम छा गया और लोगों में भारी आक्रोश फैल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रुद्रपुर डिपो की रोडवेज बस (यूके 06 पीए 1726) ने बच्ची को टक्कर मार दी और उसे करीब 20 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। बताया जा रहा है कि चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ, जिसमें बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के समय कनक के साथ दो अन्य बच्चे भी मौजूद थे, जो किसी तरह सुरक्षित बच गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई और आक्रोशित लोगों ने बस पर पथराव कर उसके शीशे तोड़ दिए तथा विरोध प्रदर्शन किया।
हादसे के चलते हल्द्वानी-भीमताल मार्ग पर यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया। तिकोनिया से भीमताल तिराहा, ज्योलीकोट और सलड़ी तक लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों और यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने भीड़ को शांत कर यातायात बहाल कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है।


