उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल में एक दिलदहला देने वाली घटना सामने आई है। उधम सिंह नगर जिले के खटीमा-पीलीभीत रोड के पास मंडी समिति के पीछे एक दंपत्ति ट्रेन की चपेट में आकर मौत के घाट उतर गया। खटीमा कोतवाली पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खटीमा उप जिला चिकित्सालय भेज दिया है। रेलवे पुलिस ने भी घटना की जांच शुरू कर दी है। घटना सुबह की बताई जा रही है, जब दंपत्ति रिश्तेदारी जाने के लिए घर से निकले थे।
खटीमा शिव कॉलोनी निवासी राम दत्त, जो वर्तमान में जम्मू कश्मीर में ग्रीफ में कार्यरत थे, अपनी पत्नी नंदा देवी के साथ सुबह रिश्तेदारी के लिए सतना जा रहे थे। इसी दौरान पीलीभीत से टनकपुर जा रही ट्रेन की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
राम दत्त की पत्नी नंदा देवी ग्रहणी थीं। हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। घटना मंडी समिति के पीछे शॉर्ट रास्ते से गुजरते समय हुई।
मृतक राम दत्त के भतीजे किशोर जोशी ने बताया कि उनके चाचा (58 वर्ष) पांच दिन पहले छुट्टी पर घर आए थे। उनकी पत्नी नंदा देवी की उम्र 53 वर्ष थी। दोनों का एक बेटा प्रकाश चंद्र जोशी (35 वर्ष) है। दंपत्ति के पीछे पूरा परिवार, नाती-पोते सहित, गमगीन है।
शिव कॉलोनी में रहने वाले परिवार के घर में शोक का माहौल है। पुलिस के अनुसार, 112 पर सूचना मिलने के बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची। इस दुखद हादसे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।


