हल्द्वानी- कालाढूंगी-रामनगर हाईवे पर गुरुवार को तेज रफ्तार का एक और हादसा सामने आया। बोर पुल के पास एक अर्टिगा कार अनियंत्रित होकर लोहे की रेलिंग से टकरा गई और टक्कर के बाद पुल के बीचों-बीच पलट गई। हादसे के समय वाहन में पांच लोग सवार थे।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आसपास मौजूद लोगों ने कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाल लिया। हादसे में कार सवार सभी पांच लोग घायल हो गए।
घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। पुलिस के अनुसार कार संख्या UK06TA7954 में खटीमा निवासी ललित जोशी (43), उनकी 74 वर्षीय माता, पत्नी रश्मि जोशी (37), पुत्री अवनी (12) और बड़ी बेटी अनुष्का (21) सवार थीं। परिवार रामनगर में एक विवाह समारोह से लौट रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वाहन चालक हारून पुत्र याकूब निवासी खटीमा ने अंतिम क्षणों में सूझबूझ दिखाते हुए स्टीयरिंग सड़क की ओर मोड़ दिया, जिससे कार खाई में गिरने से बच गई और पुल के बीच में ही पलट गई। यदि वाहन नीचे गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
पुलिस के मुताबिक प्राथमिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। वहीं, स्थानीय लोगों ने पुल पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने और चेतावनी संकेत बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।


