हल्द्वानी में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां 22 वर्षीय मेधावी छात्र सचिन पलड़िया ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। सचिन ने 2021 में इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रदेश की मेरिट लिस्ट में 23वां स्थान हासिल किया था और हाल ही में बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से स्नातक की पढ़ाई पूरी की थी।
परिजनों के अनुसार, सचिन सीडीएस (Combined Defence Services) परीक्षा की तैयारी कर रहे थे और इंटरव्यू तक पहुंचे थे, लेकिन अंतिम चयन नहीं हो पाने के कारण वे पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। सचिन अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे, और उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी संभावित कारणों की गहन जांच की जा रही है। परिजनों और करीबी लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि युवक किन परिस्थितियों और मानसिक दबाव से गुजर रहा था।


