हल्द्वानी में नगर विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नवाबी रोड (अटल मार्ग) पर ट्रंक सीवर योजना का विधिवत शुभारंभ किया गया। दुर्गा सिटी चौराहे से कालाढूंगी रोड तक प्रस्तावित इस योजना का भूमि पूजन नैनीताल-उधम सिंह नगर के सांसद अजय भट्ट और नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम के महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने संयुक्त रूप से किया।
करीब ₹948.94 लाख की लागत से स्वीकृत इस योजना के अंतर्गत वार्ड संख्या 7, 8, 9, 10 और 11 के आंशिक क्षेत्रों को शामिल किया गया है। योजना में लगभग 3.09 किलोमीटर लंबी ट्रंक सीवर लाइन का निर्माण, 2174 घरों के सीवर कनेक्शन का शिफ्टिंग कार्य और सड़क का पुनर्निर्माण किया जाएगा। इससे करीब 2174 परिवारों और लगभग 22 हजार से अधिक आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।
इस परियोजना के पूरा होने पर क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही सीवर ओवरफ्लो और चोकिंग की समस्या से राहत मिलेगी। साथ ही, स्वच्छता में सुधार होगा, जलजनित बीमारियों पर नियंत्रण लगेगा और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि शहर की मूलभूत समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और यह योजना क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने हल्द्वानी को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर बनाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने की बात कही।
इस अवसर पर पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार कटारिया, सहायक अभियंता यतेंद्र लशपाल, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट, राज्य मंत्री दिनेश आर्य सहित कई जनप्रतिनिधि, पार्षद और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लोगों ने इस योजना के शुभारंभ पर खुशी जताते हुए इसे क्षेत्र के लिए बेहद अहम बताया।


