हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठनात्मक चुनावों की प्रक्रिया को गति दे दी है। पार्टी स्तर से मिली जानकारी के अनुसार, जिले के सभी मंडलों में 30 अप्रैल तक मंडल कार्यकारिणी का गठन कर लिया जाएगा। यह जानकारी भाजपा के जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने मीडिया से बातचीत के दौरान दी।
प्रताप बिष्ट ने बताया कि कार्यकारिणी गठन को लेकर क्षेत्र के वरिष्ठ नेताओं से विचार-विमर्श किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मंडल कार्यकारिणी बनने के बाद जिला कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू होगी।
संगठनात्मक चुनाव के तहत मंडल अध्यक्षों की घोषणा पहले ही की जा चुकी है। अब अध्यक्ष सहित कुल 45 पदाधिकारियों की सूची जारी की जाएगी, जिसमें चार उपाध्यक्ष, दो महामंत्री, दो मंत्री समेत अन्य पदाधिकारी शामिल होंगे।
उन्होंने आगे बताया कि भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव में राज्य की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों से प्रदेश पार्षद और 19 जिलाध्यक्ष मतदान करेंगे। नए प्रदेश अध्यक्ष की संस्तुति के आधार पर ही जिला कार्यकारिणी के विस्तार की अंतिम सूची जारी की जाएगी। इस सूची में कुल 66 पदाधिकारी शामिल होंगे।
भाजपा संगठन द्वारा तय समयसीमा के भीतर सभी कार्य पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आगामी चुनावों के लिए संगठन पूरी तरह तैयार रहे।