उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन तेज रफ्तार और लापरवाही लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। ताजा मामला ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर-किच्छा रोड का है, जहां गुरुवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार बगवाड़ा मंडी गेट के सामने मॉर्निंग वॉक के दौरान सड़क पार कर रहे युवक को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान दीपक साहनी पुत्र रामलाल साहनी निवासी बगवाड़ा भट्ठा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दीपक रोजाना की तरह सुबह करीब साढ़े चार बजे टहलने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।
दीपक अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था और टाइल्स लगाने का काम करता था। करीब चार वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी और उसके परिवार में पत्नी के अलावा एक छोटा बच्चा भी है। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं क्षेत्र में भी शोक का माहौल बना हुआ है।
हादसे की सूचना मिलते ही बगवाड़ा चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह रिग्वाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को चिन्हित कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


