उत्तराखंड में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां 15 वर्षीय किशोर ने छह साल की मासूम बच्ची को अपनी हवस का शिकार बना लिया। आरोप है कि किशोर ने पहले बच्ची को मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाए और इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद बच्ची को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं, पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर बाल संरक्षण प्रक्रिया के तहत भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना सोमवार देर शाम राजधानी देहरादून के पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र की लेबर कॉलोनी में हुई। पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि एक किशोर ने छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गंभीर हालत में बच्ची को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि दोनों परिवार मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं और देहरादून में मजदूरी कर अपना जीवनयापन करते हैं। दोनों के घर आसपास ही स्थित हैं। आरोप है कि सोमवार शाम किशोर खेलाने के बहाने बच्ची को अपने साथ ले गया। वहां उसने बच्ची को मोबाइल पर अश्लील वीडियो दिखाए और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया।
इसी दौरान बच्ची के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने किशोर को पकड़ लिया और पुलिस को घटना की सूचना दी। इसके बाद पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने पीड़ित बच्ची के परिजनों की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बच्ची का अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि आरोपी किशोर को बाल संरक्षण संबंधी प्रक्रिया के तहत भेज दिया गया है।



