उत्तराखंड से एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिसमें एक महिला शिक्षिका ने प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष पर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिक्षिका की तहरीर पर नई टिहरी कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गढ़वाल मंडल के नई टिहरी के जाखणीधार ब्लॉक में कार्यरत पीड़िता के अनुसार, बीते चार महीनों से उनका वेतन रुका हुआ है, जिससे वे आर्थिक संकट से जूझ रही हैं। वेतन संबंधी समस्या के समाधान के लिए उन्होंने कई बार खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय के चक्कर लगाए, लेकिन कोई राहत नहीं मिली। इस दौरान समायोजन के नाम पर उन्हें एक दूरस्थ प्राथमिक विद्यालय में भेज दिया गया, जहां केवल दो छात्र हैं। बाद में किसी तरह उनकी पुराने विद्यालय में दोबारा तैनाती हो पाई।
शिक्षिका का आरोप है कि वेतन दिलाने में मदद के बदले प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष रोशन लाल ने उनसे शारीरिक संबंध बनाने की मांग की। आरोप है कि आरोपी ने उनके मोबाइल फोन पर अश्लील वीडियो और फोटो भी भेजे। इस घटना की जानकारी मिलने पर शनिवार शाम शिक्षिका के परिजनों ने नगर क्षेत्र में हंगामा किया और आरोपी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वहीं, आरोपी रोशन लाल ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए दावा किया है कि उन्होंने शिक्षिका को मकान निर्माण के लिए 80 हजार रुपये उधार दिए थे। उनका कहना है कि जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो शिक्षिका ने उन पर झूठे आरोप लगा दिए। उन्होंने यह भी कहा कि वेतन के मामले में उन्होंने बीईओ कार्यालय में शिक्षिका की मदद की थी।
कोतवाली प्रभारी एश्वर्य पाल ने बताया कि शिक्षिका की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।


