हैरान कर देने वाले एक मामले में कोचिंग सेंटर पर छात्रा द्वारा अपने शिक्षक की चप्पलों से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। छात्रा ने शिक्षक पर पढ़ाई के दौरान और उसके बाद लगातार छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। छात्रा की शिकायत के बाद उसके परिजन और कुछ अन्य लोग कोचिंग सेंटर पहुंचे, जहां शिक्षक के साथ मारपीट की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामला उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के सेवरही कस्बे का है। बताया जा रहा है कि सेवरही कस्बे में एक छात्रा कोचिंग सेंटर में पढ़ाई करती थी। छात्रा का आरोप है कि कोचिंग के दौरान शिक्षक उसके साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ करता था। छात्रा ने जब इस संबंध में अपने परिजनों को जानकारी दी तो वे आक्रोशित हो गए। इसके बाद परिजन और कुछ अन्य लोग कोचिंग सेंटर पहुंच गए।
कोचिंग सेंटर पहुंचने के बाद छात्रा ने शिक्षक पर चप्पलों से जमकर हमला किया। इस दौरान मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने भी शिक्षक के साथ मारपीट की। घटना के बाद वहां काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। इस पूरी घटना का किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया, जो रविवार दोपहर बाद सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा।
वायरल वीडियो में कुछ लोग शिक्षक के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर यह दावा भी किया जा रहा है कि मारपीट के दौरान शिक्षक से थूक चटवाया गया। हालांकि, इस दावे की अभी पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस भी मामले को लेकर सक्रिय हो गई। पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। सेवरही थाने के एसओ मनोज वर्मा ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में है। वायरल वीडियो के साथ ही पूरे घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


