उत्तराखंड में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां रिश्तों का बेरहमी से क़त्ल कर दिया गया। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मामला उत्तरकाशी जिले के मनेरी थाना क्षेत्र का है। बयाणा गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
घटना शुक्रवार दोपहर की है, जब गांव की एक महिला ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी देवरानी वर्षा बाथरूम में बेहोश पड़ी है, और उसका पति विष्णु चौहान घर पर नहीं है। सूचना मिलते ही मनेरी पुलिस मौके पर पहुंची और अचेत अवस्था में पड़ी वर्षा को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि वर्षा की हत्या धारदार हथियार और डंडों से की गई थी। उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान और चुन्नी से गला घोंटे जाने के सबूत मिले हैं। 28 वर्षीय वर्षा की हत्या का आरोप उसके पति विष्णु चौहान पर है, जो वारदात के बाद फरार हो गया है।
वर्षा के पिता चत्तर सिंह पंवार ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी करीब 10 साल पहले विष्णु से की थी। विष्णु नशे का आदी था और पहले भी वर्षा के साथ मारपीट करता रहा है। छह महीने पहले भी वर्षा ने बच्चों के साथ मायके का रुख किया था, लेकिन पंचायत चुनाव से पहले दोनों परिवारों में सुलह हो गई थी और वर्षा वापस ससुराल आ गई थी।
लेकिन किसी को यह अंदेशा नहीं था कि महज डेढ़ महीने बाद ही वर्षा की मौत हो जाएगी। वर्षा अपने पीछे सात और छह साल के दो मासूम बच्चों को छोड़ गई है। पूरे गांव और परिवार में मातम पसरा हुआ है।
फिलहाल, पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया है। थानाध्यक्ष मनोज असवाल ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं और विभिन्न ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है।