मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार को उत्तराखंड के कई जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, चंपावत और पौड़ी जिलों में घना कोहरा छाने की संभावना है। ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार के कुछ इलाकों में शीत दिवस जैसी स्थिति भी बन सकती है। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में 20 और 21 दिसंबर को बारिश और बर्फबारी के आसार हैं, जबकि 22 से 24 दिसंबर तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
घने कोहरे का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है। उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में कोहरे के कारण ट्रेनों की रफ्तार धीमी हो गई है। बृहस्पतिवार को लिंक एक्सप्रेस, राप्ती गंगा एक्सप्रेस और कुंभ एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से देरी से देहरादून पहुंचीं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दून टर्मिनल पर कई ट्रेनें देर से पहुंचीं, जिसके कारण यहां से रवाना होने वाली ट्रेनें भी विलंब से चलीं।
पिछले चार दिनों से मैदानी इलाकों में घने कोहरे के चलते यह स्थिति बनी हुई है। लिंक एक्सप्रेस (14113) अपने तय समय 12:20 बजे के बजाय करीब पांच घंटे देरी से पहुंची। राप्ती गंगा एक्सप्रेस (15005) सात घंटे और कुंभ एक्सप्रेस (12369) तीन घंटे विलंब से आई। वहीं, गोरखपुर-देहरादून एक्सप्रेस (15001) अपने निर्धारित समय 15:15 बजे से करीब सात घंटे देरी से रवाना हुई। ट्रेनों के लगातार विलंब से यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा और इंक्वायरी केंद्रों पर बार-बार जानकारी लेनी पड़ी।

