हल्द्वानी: जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सोमवार को कैंप कार्यालय में राजस्व कर, संग्रह और प्रवर्तन कार्यों की विभागवार मासिक समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को राजस्व वसूली में तेजी लाने और लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बड़े बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और स्टाम्प व आबकारी से जुड़े लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वित्तीय वर्ष में यदि राजस्व वसूली निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप नहीं हुई तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों को न्यायालयों में लंबित वादों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि उनके कार्यालयों का स्थलीय निरीक्षण भी जल्द किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस विभाग को प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सभी एसडीएम, शिक्षा विभाग, अभियोजन और समाज कल्याण विभाग को पॉक्सो और एनडीपीएस अधिनियम के तहत जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा, ताकि अपराधों पर रोक लगाई जा सके।
उन्होंने तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण करने के निर्देश देते हुए कहा कि तहसील स्तर के अधिकारी प्रतिदिन जनसुनवाई कर लोगों की समस्याओं का समाधान करें।
बैठक में हाल ही में आए आंधी-तूफान के दौरान रामनगर स्थित कार्बेट टाइगर रिजर्व के बिजरानी रेंज के वनग्राम रिंगोडा निवासी कानू उपाध्याय की पेड़ गिरने से हुई मृत्यु पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी रामनगर को तत्काल मुआवजा देने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने किसानों की फसलों को हुए नुकसान का आकलन कर उन्हें मुआवजा देने को भी कहा।
जिलाधिकारी ने सड़क हादसों की रोकथाम के लिए सूखे और जर्जर पेड़ों को हटाने के निर्देश परगना मजिस्ट्रेटों को दिए। उन्होंने तेज हवा और बारिश के दौरान पेड़ों के गिरने से संभावित दुर्घटनाओं से लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही यूपीसीएल अधिकारियों को झूलते बिजली के तारों को जल्द ठीक कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी, एसपी सिटी मनोज कत्याल, नगर मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


