उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार, 28 दिसंबर को नैनीताल जिले के कोटाबाग भ्रमण पर पहुंचेंगे। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री सुबह 9:40 बजे हेलीकॉप्टर से देहरादून से प्रस्थान कर पूर्वाह्न 10:35 बजे राजकीय महाविद्यालय कोटाबाग स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। इसके बाद वे कार द्वारा 10:55 बजे पीएम श्री राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज, कोटाबाग पहुंचेंगे। यहां मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे।
कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री विधानसभा क्षेत्र कालाढूंगी की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। साथ ही वे ‘घोड़ा लाइब्रेरी पहाड़ पच्छ्याण महोत्सव–2025’ में भी शिरकत करेंगे।
मुख्यमंत्री दोपहर 1:00 बजे पीएम श्री राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज कोटाबाग से कार द्वारा हेलीपैड के लिए रवाना होंगे, जहां से हेलीकॉप्टर के माध्यम से देहरादून लौटेंगे।
वहीं, पहाड़ पच्छ्याण महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर कांग्रेस द्वारा विरोध प्रदर्शन की घोषणा की गई है। शनिवार को कांग्रेस नेताओं ने एक निजी रिजॉर्ट में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जिला विकास प्राधिकरण लागू किए जाने के विरोध में वे बैलपड़ाव में एकत्र होकर काले झंडे दिखाकर मुख्यमंत्री का विरोध करेंगे।
स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं और क्षेत्र में कड़ी चौकसी बरती जा रही है।


