उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देहरादून पुलिस लाइन में आयोजित ‘रन फॉर योगा’ कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने लोगों से योग को अपनी रोज़मर्रा की जीवनशैली में शामिल करने की अपील की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ‘रन फॉर योगा’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक व्यापक जन-जागरूकता अभियान है, जिसका उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवन और योग के महत्व के प्रति प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड योग, आध्यात्मिकता और भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपरा की भूमि है, जहाँ योग शरीर और मन दोनों को संतुलित और स्वस्थ रखने का प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को योग, आयुर्वेद और वेलनेस के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज योग को विश्व स्तर पर पहचान मिल चुकी है और 190 से अधिक देशों में लोग इसे अपना रहे हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने युवाओं से नियमित योग और व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ युवा ही मजबूत समाज और विकसित राष्ट्र की नींव होते हैं। साथ ही उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड के युवा योग को एक जनआंदोलन का रूप देंगे और राज्य को स्वस्थ, समृद्ध तथा सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।


