उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जन शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए एक अलग ही उदाहरण पेश किया। सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायत की पड़ताल करने के लिए मुख्यमंत्री खुद मौके पर पहुंच गए और अधिकारियों को वास्तविक स्थिति से अवगत कराया।
जाखन निवासी विवेक मदान द्वारा राजपुर रोड क्षेत्र में विद्युत लाइन अंडरग्राउंड किए जाने के बाद क्षतिग्रस्त हुए फुटपाथ की शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया था कि पहले बनाए गए फुटपाथ को बाद में खोदकर अंडरग्राउंड लाइन डाली गई, लेकिन मरम्मत कार्य ठीक से न होने के कारण टाइल्स धंस गईं, जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही है।
शुक्रवार को सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा से पहले मुख्यमंत्री सीधे जाखन क्षेत्र पहुंच गए। उन्होंने शिकायतकर्ता को साथ लेकर अपने मोबाइल फोन के माध्यम से अधिकारियों को वीडियो कॉल पर मौके की स्थिति दिखाई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कार्य में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कई स्थानों पर अंडरग्राउंड लाइन के बावजूद बिजली के तार ऊपर दिखाई दे रहे हैं, जो आम जनता के लिए खतरा बन सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें, ताकि बार-बार खुदाई और मरम्मत से जनता को परेशानी न हो और सरकारी धन की भी बर्बादी न हो।
इस दौरान पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशभर में इस तरह की समस्याओं के समाधान के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को निर्देशित किया कि अन्य स्थानों से भी यदि ऐसी शिकायतें मिल रही हैं तो उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने मौके पर स्थानीय दुकानदारों और निवासियों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।


