उत्तराखंड में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 27 जून तक राज्य के अधिकांश पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार से शनिवार तक राज्य के 11 पर्वतीय जिलों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है। सोमवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिलों में कई स्थानों पर बारिश के आसार हैं, जबकि देहरादून, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा और चंपावत में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है।
23 जून को भी पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम सक्रिय रहेगा। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। अन्य पहाड़ी जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
24 जून से मौसम और अधिक सक्रिय हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार सभी पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बारिश होने के साथ बादलों की गर्जना भी देखने को मिल सकती है। यह स्थिति 25, 26 और 27 जून तक बनी रहने के आसार हैं।
दूसरी ओर हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में पूरे सप्ताह मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों, विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को मौसम की ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।


