उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के पांच पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है, जबकि पहाड़ों की घाटियों में कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। इन जिलों के 3300 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की भी संभावना है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिरने से तापमान में गिरावट आने और ठंड बढ़ने के आसार हैं।
प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों की घाटियों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम कोहरा छा सकता है। सुबह और शाम के समय कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता कम होने से यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खासकर पहाड़ी मार्गों पर सफर करने वाले वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत है।



