उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के मंगलौर कस्बे में कांवड़ यात्रा के दौरान उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब एक कार की टक्कर से एक कांवड़िए की कांवड़ खंडित हो गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं में नाराजगी फैल गई और गुस्साए लोगों ने कार में तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालते हुए स्थिति को नियंत्रण में कर लिया।
जानकारी के अनुसार, मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में एक ढाबे के पास हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों के जत्थे के बीच पीछे से आ रही एक कार की टक्कर से एक कांवड़ खंडित हो गई। घटना की खबर फैलते ही आसपास मौजूद कांवड़िए और अन्य श्रद्धालु मौके पर जुट गए। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और कार को नुकसान पहुंचाया गया।
घटना की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को शांत कराया और स्थिति को बिगड़ने से रोक दिया। फिलहाल क्षेत्र में शांति बनी हुई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि मामला संज्ञान में है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों पक्ष कांवड़ यात्रा से जुड़े बताए जा रहे हैं। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।


