उत्तराखंड में शुक्रवार को बैंक कर्मचारी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर रहे। हड़ताल के चलते बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहीं और करोड़ों रुपये का लेन-देन प्रभावित होने की बात सामने आई। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बैनर तले देहरादून में बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की।
एश्ले हॉल चौक पर एकत्रित कर्मचारियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने, बैंक कर्मचारियों की लंबित मांगों का समाधान करने समेत विभिन्न मुद्दे उठाए। कर्मचारियों ने कहा कि सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े कर्मचारियों की कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं। सरकार और संबंधित स्तर पर मांगों के समाधान को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए जाने से कर्मचारियों में रोष है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर देशभर में हड़ताल की गई, जिसका असर उत्तराखंड में भी देखने को मिला। बताया गया कि देहरादून में करीब चार हजार बैंक कर्मचारी हड़ताल में शामिल रहे। कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन करते हुए मांगों के शीघ्र समाधान की मांग की।


