नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के पर्वतीय क्षेत्र की 245 दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों में प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। चुनाव में 238 समितियों में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ, जबकि सात समितियों में मतदान के माध्यम से पदाधिकारियों का चयन किया गया। निर्विरोध निर्वाचन के चलते अधिकांश समितियों में दुग्ध उत्पादकों और समिति सदस्यों में उत्साह का माहौल रहा।
चुनाव में नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने च्यूरीगाड़ दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति से अध्यक्ष पद पर लगातार 12वीं बार निर्विरोध निर्वाचित होकर अपना दबदबा कायम रखा। बताया गया कि वर्ष 1996 से वह लगातार समिति के अध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुने जाते रहे हैं।
वहीं, दुग्ध संघ के संचालक मंडल के सदस्य गोविंद सिंह मेहता ने बिंदुखत्ता रावत नगर सेकेंड दुग्ध समिति से अध्यक्ष पद पर तीसरी बार निर्विरोध जीत दर्ज की। इसके अलावा हल्द्वानी क्षेत्र की संचालक मंडल सदस्य दीपा रैकवाल ने भगवतपुर दुग्ध समिति तथा संचालक मंडल सदस्य हेमा पड़ियाड ने वुडाधुरा दुग्ध समिति से अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।
बिंदुखत्ता टूटी पुलिया दुग्ध समिति से नवीन पपोला अध्यक्ष निर्वाचित हुए। वहीं, बोरिंग पट्टा दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति के चुनाव में नैनीताल दुग्ध संघ के पूर्व चेयरमैन भरत सिंह नेगी को हार का सामना करना पड़ा। अध्यक्ष पद के लिए उनके सामने चुनाव मैदान में उतरे जगदीश पंत ने उन्हें शिकस्त देकर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। इस परिणाम को समिति के स्थानीय चुनावी समीकरणों में महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।
निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभिन्न दुग्ध समितियों में नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और प्रबंध कमेटी के सदस्यों के स्वागत एवं अभिनंदन का दौर जारी है। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पुष्पगुच्छ और माला पहनाकर बधाई एवं शुभकामनाएं दी जा रही हैं। समितियों में हुए व्यापक निर्विरोध निर्वाचन को सहकारिता की भावना, आपसी समन्वय और संगठनात्मक एकजुटता के रूप में देखा जा रहा है।
नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी एंड आई सुभाष बाबू, कारखाना प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह राणा, एफओ शांति कोरंगा, सहायक महिला डेरी गीता ओझा, मीना रौतेला, रश्मि धामी, सुरेश चंद्र, स्टोर प्रभारी खलील अहमद, प्रभारी रमेश आर्या, विपिन तिवाड़ी, कमलेश कुमार, महेश पांडे, जेई दिनेश कुलौरा, विजय चौहान और विमल कुमार ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने दुग्ध उत्पादकों के हित में मिलकर कार्य करने की अपेक्षा जताई।
इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता रमेश कुनियाल सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ताओं, विभिन्न जनप्रतिनिधियों, दुग्ध उत्पादकों और समिति सदस्यों ने भी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


