उत्तराखंड में कांग्रेस की युवा नेता माही जेटली पर कैफे में हमला किए जाने का मामला सामने आया है। राजधानी देहरादून के चंद्रबनी क्षेत्र स्थित एक कैफे में हुए इस हमले में माही जेटली गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके सिर पर कई टांके आए हैं। पुलिस ने घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पटेलनगर थाना प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पीड़िता के भाई मदन जोशी ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि बृहस्पतिवार को माही जेटली अपने जन्मदिन की पार्टी के बाद दोस्तों के साथ कैफे पहुंची थीं। इसी दौरान कैफे में मौजूद कुछ युवकों के बीच आपसी विवाद शुरू हो गया, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया।
विवाद के दौरान युवकों ने धारदार हथियार निकाल लिए और एक-दूसरे पर हमला करने लगे। इसी अफरा-तफरी में किया गया एक वार माही जेटली के सिर पर जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। घायल माही को तुरंत दून अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनके सिर पर आठ टांके लगाए। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आयुष राणा, सूरज राणा और हिमांशु के खिलाफ मारपीट और हमले का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।


