उत्तराखंड से रिश्तों को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घरेलू काम को लेकर हुई मामूली कहासुनी इतनी बढ़ गई कि बड़े बेटे ने अपने ही पिता पर डंडे से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद अस्पताल में भर्ती 60 वर्षीय पिता ने शनिवार सुबह दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है।
मामला हरिद्वार के चंडीघाट चौकी क्षेत्र की चंडीघाट बस्ती का है। बताया गया कि शुक्रवार देर शाम 60 वर्षीय प्यारे अपने छोटे बेटे के साथ घर में खाना बना रहे थे। इसी दौरान किसी घरेलू काम को लेकर उनकी 27 वर्षीय बड़े बेटे प्रकाश से कहासुनी हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर प्रकाश ने अपना आपा खो दिया और पिता के सिर पर डंडे से कई वार कर दिए। हमले में प्यारे गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हालत में गिर पड़े। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए एम्स अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। शनिवार सुबह उपचार के दौरान प्यारे की मौत हो गई। पिता की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने आरोपी प्रकाश को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं, मामूली घरेलू विवाद में पिता की मौत की इस घटना से चंडीघाट बस्ती में सनसनी फैल गई है।


