उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर ने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम सुधार परीक्षा वर्ष 2026 प्रथम और वर्ष 2025 तृतीय के परिणाम घोषित कर दिए हैं। परिषद की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 की प्रथम सुधार परीक्षा में हाईस्कूल का उत्तीर्ण प्रतिशत 83.13 प्रतिशत, जबकि इंटरमीडिएट का परिणाम 73.35 प्रतिशत रहा। वहीं वर्ष 2025 की तृतीय सुधार परीक्षा में हाईस्कूल का परिणाम 66.67 प्रतिशत और इंटरमीडिएट का 58.70 प्रतिशत रहा।
हाईस्कूल सुधार परीक्षा 2026 प्रथम के लिए कुल 8,421 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए थे। इनमें 7,939 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी और 7,000 परीक्षार्थी सफल घोषित किए गए। छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों से बेहतर रहा। परीक्षा में शामिल 2,371 छात्राओं में से 2,132 सफल हुईं, जबकि 5,568 छात्रों में से 4,868 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए।
इसी तरह इंटरमीडिएट सुधार परीक्षा 2026 प्रथम में कुल 11,032 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें 10,518 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए और 8,092 सफल घोषित किए गए। इंटरमीडिएट में भी छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन किया। कुल 4,673 छात्राओं में से 3,709 सफल रहीं, जबकि 5,845 छात्रों में से 4,383 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए।
अनुत्तीर्ण परीक्षार्थियों को भी मिला सुधार का मौका
मुख्य परीक्षा में अनुत्तीर्ण हुए परीक्षार्थियों के लिए आयोजित सुधार परीक्षा में हाईस्कूल के 5,747 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए थे। इनमें 5,469 परीक्षा में शामिल हुए और 4,326 सफल रहे। इनका उत्तीर्ण प्रतिशत 75.27 प्रतिशत रहा। वहीं इंटरमीडिएट में 9,653 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए, जिनमें 9,343 ने परीक्षा दी और 6,713 सफल हुए। इंटरमीडिएट में इन परीक्षार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 69.54 प्रतिशत रहा।
अंक सुधार के लिए भी विद्यार्थियों ने किया आवेदन
परिषद ने परीक्षार्थियों को प्राप्तांकों में सुधार का अवसर भी दिया था। हाईस्कूल में 2,674 विद्यार्थियों ने अंक सुधार के लिए आवेदन किया। इनमें 410 परीक्षार्थियों के अंकों में सुधार हुआ, जबकि 969 के अंक यथावत रहे। वहीं इंटरमीडिएट में 1,379 परीक्षार्थियों ने अंक सुधार के लिए आवेदन किया, जिनमें 410 के अंकों में सुधार हुआ और 969 के अंक यथावत रहे।
वर्ष 2025 की तृतीय सुधार परीक्षा का परिणाम
वर्ष 2025 की तृतीय सुधार परीक्षा में हाईस्कूल के 51 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए थे, जिनमें 44 ने परीक्षा दी और 34 सफल हुए। हाईस्कूल का उत्तीर्ण प्रतिशत 66.67 प्रतिशत रहा। इंटरमीडिएट में 46 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए, 43 परीक्षा में शामिल हुए और 27 सफल घोषित किए गए। इंटरमीडिएट का उत्तीर्ण प्रतिशत 58.70 प्रतिशत रहा।
परिषद के अनुसार, परीक्षा के बाद उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन और परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया पूरी करने के बाद परिणाम जारी किया गया है। सुधार परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को अब आगे की पढ़ाई और शैक्षणिक भविष्य को बेहतर बनाने का अवसर मिलेगा।


