नक्सलियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ में चलाए जा रहे बड़े एंटी नक्सल अभियान में मंगलवार सुबह महत्वपूर्ण सफलता मिली है। जानकारी के अनुसार, सुबह 6 से 7 बजे के बीच छत्तीसगढ़-आंध्र प्रदेश सीमा के मारेदुमिल्ली इलाके में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें कुख्यात नक्सली माड़वी हिड़मा के मारे जाने की खबर है। मुठभेड़ में हिड़मा की पत्नी राजे उर्फ रजक्का समेत कुल छह नक्सली मारे गए। हालांकि हिड़मा के मारे जाने की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
माड़वी हिड़मा एक करोड़ रुपये का इनामी था और सुरक्षा बलों पर कई सशस्त्र हमलों में शीर्ष वांछित नक्सली नेता के तौर पर जाना जाता था। हिड़मा के मारे जाने की सूचना मिलते ही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शीर्ष अधिकारियों के साथ विशेष बैठक की। सूत्रों के अनुसार, हिड़मा का खात्मा सुरक्षा बलों द्वारा निर्धारित 30 नवंबर, 2025 की समय सीमा से पहले ही संभव हो गया।
अमित शाह ने इस उपलब्धि पर संतोष व्यक्त किया और अभियान में शामिल सभी अधिकारियों और जवानों की सराहना की। बैठक में आगे की रणनीति पर चर्चा की गई ताकि हिड़मा के मारे जाने के बाद नक्सली संगठन में कोई नया नेतृत्व उभर न सके और उनकी गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।
यह सफलता नक्सलियों के खिलाफ लंबित अभियान में एक महत्वपूर्ण मोड़ मानी जा रही है और राज्य व केंद्र की सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी उपलब्धि है।


