नैनीताल जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भीमताल पुलिस और एएनटीएफ कुमाऊँ यूनिट की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 2.683 किलोग्राम अवैध चरस के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिलेभर में नशे के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी भवाली के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
दिनांक 18.06.2026 को भीमताल बाजार क्षेत्र में खुटानी बैंड के पास पुलिस टीम ने लाल रंग की अल्टो कार (UK04G-3379) और उसके पीछे चल रही बोलेरो पिकअप (UK04CB-3477) को चेकिंग के लिए रोका। इस दौरान पिकअप में सवार एक व्यक्ति मौके का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया।
तलाशी के दौरान बोलेरो पिकअप से 2.683 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने मौके से अख्तर हुसैन पुत्र कुर्बान अली (43 वर्ष, निवासी मल्लीताल, भीमताल) और विजय सिंह बिष्ट पुत्र गंगा सिंह बिष्ट (34 वर्ष, निवासी सूपी, थाना मुक्तेश्वर) को गिरफ्तार किया। फरार आरोपी की पहचान बच्चीराम के रूप में हुई है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
बरामदगी के आधार पर थाना भीमताल में मु0अ0सं0-24/2026, धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों वाहनों को भी सीज कर दिया है। पुलिस टीम में कोतवाली भीमताल और एएनटीएफ कुमाऊँ यूनिट के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।


