हल्द्वानी। स्पा सेंटरों में नियमों के पालन और कर्मचारियों के सत्यापन की जांच को लेकर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) नैनीताल ने हल्द्वानी में अभियान चलाया। प्रभारी एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट म0उ0नि0 सुनीता कुंवर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न स्पा सेंटरों की सघन चेकिंग की। इस दौरान कई सेंटरों में नियमों की अनदेखी सामने आने पर छह प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि कुछ स्पा सेंटरों के ग्राहक रजिस्टर में ग्राहकों का पूरा विवरण दर्ज नहीं किया जा रहा था। इसके अलावा सेंटरों में काम करने वाले कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन भी नहीं कराया गया था। इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार ग्रीन टी स्पा, लुक थाई स्पा, गोल्डन स्पा, फॉरएवर स्पा, योर्स स्पा और क्लाउड 9 स्पा के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। छहों स्पा सेंटरों से कुल 30 हजार रुपये का संयोजन शुल्क वसूला गया।
चेकिंग के बाद पुलिस ने सभी स्पा सेंटर संचालकों को कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने और ग्राहकों का पूरा एवं सही विवरण निर्धारित रजिस्टर में दर्ज करने के निर्देश दिए। पुलिस ने चेतावनी दी कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने बताया कि मानव तस्करी की रोकथाम और महिलाओं की सुरक्षा के मद्देनजर स्पा सेंटरों समेत ऐसे प्रतिष्ठानों की निगरानी और चेकिंग का अभियान आगे भी जारी रहेगा।


