हल्द्वानी। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के अपर निदेशक आशीष कुमार त्रिपाठी ने कहा कि प्रदेश सरकार और विभाग पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के हित सर्वोच्च प्राथमिकता में हैं और उनके मुद्दों के त्वरित निस्तारण के लिए विभाग गंभीरता से कार्य कर रहा है।
शुक्रवार को हल्द्वानी स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित बैठक के दौरान अपर निदेशक ने पत्रकारों से संवाद कर उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना। उन्होंने बताया कि पत्रकार मान्यता के नवीनीकरण में आ रही दिक्कतों को विभाग ने गंभीरता से लिया है और इसके समाधान की दिशा में कार्य किया जा रहा है। साथ ही मृतक आश्रितों को आर्थिक सहायता से जुड़े सभी लंबित मामलों का निस्तारण कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि जिन पत्रकारों को पत्रकार कल्याण कोष से सहायता नहीं मिल पा रही है, उन्हें मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से मदद दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए संबंधित पत्रकारों को जिला सूचना अधिकारी के माध्यम से नियमानुसार प्रस्ताव भेजना होगा।
अपर निदेशक ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार पत्रकारों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। बैठक में उठाए गए सभी मुद्दों का समाधान विभागीय एवं शासन स्तर पर शीघ्र किया जाएगा।
इस दौरान पत्रकारों ने चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार, मान्यता प्रक्रिया में स्थिरता, कम ब्याज दर पर ऋण सुविधा, राज्य अतिथि गृहों में आरक्षण, पत्रकारों के बच्चों को उच्च शिक्षा में आरक्षण, रेलवे आरक्षण की पुनर्बहाली, टोल प्लाजा में छूट तथा जिला पत्रकार स्थायी समिति में व्यापक प्रतिनिधित्व जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए।
अपर निदेशक ने आश्वासन दिया कि सूचना विभाग से जुड़े मामलों का शीघ्र समाधान किया जाएगा, जबकि अन्य विभागों से संबंधित मुद्दों को संबंधित विभागों के समक्ष उठाया जाएगा। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि कुमाऊं द्वार, हल्द्वानी में आधुनिक मीडिया सेंटर की स्थापना का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है और जल्द ही इस पर कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
बैठक का संचालन जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी ने किया। इस अवसर पर सूचना अधिकारी अहमद नदीम सहित बड़ी संख्या में पत्रकार और विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।


