हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की बोर्ड बैठक गुरुवार को महापौर गजराज सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में नगर निगम सभागार में संपन्न हुई। बैठक में शहर के विकास, स्वच्छता व्यवस्था, नागरिक सुविधाओं और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े 15 अहम प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। बैठक से पहले उत्तराखंड सरकार की ओर से मनोनीत आठ पार्षदों को महापौर ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
बैठक में नगर निगम की कार्यप्रणाली को डिजिटल बनाने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए डोर-टू-डोर यूजर चार्ज संग्रहण के लिए मोबाइल ऐप का शुभारंभ किया गया। महापौर ने कहा कि इस व्यवस्था से शुल्क संग्रहण प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और नागरिकों को भी बेहतर सुविधा मिलेगी।
बोर्ड बैठक में महापौर की ओर से प्रस्तुत 12 प्रस्तावों और पार्षदों की ओर से रखे गए 3 जनहित प्रस्तावों पर चर्चा की गई, जिसके बाद सभी प्रस्तावों को सदन ने सर्वसम्मति से पारित कर दिया।
बैठक में नगर निगम की किराये पर दी गई दुकानों के किराया निर्धारण को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। पूर्व बोर्ड प्रस्ताव में संशोधन करते हुए वर्तमान किराये में 50 प्रतिशत वृद्धि को मंजूरी दी गई। साथ ही 31 अक्टूबर 2026 तक किराया जमा करने वाले दुकानदारों को छूट देने का निर्णय लिया गया।
शहर की विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नगर क्षेत्र में 200 नए विद्युत पोल और तार लगाए जाने के प्रस्ताव को स्वीकृति मिली। वहीं सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम में नए वाहन, ट्रैक्टर और टैंकर खरीदने का निर्णय लिया गया।
नगर निगम कार्यालय परिसर के मुख्य भवन के विस्तार और नागरिकों की सुविधा के लिए सिंगल विंडो व्यवस्था विकसित करने, सुभाष नगर स्थित नगर निगम भवन में क्षेत्रीय कार्यालय खोलने, शहर में महापुरुषों की मूर्तियों की स्थापना के लिए भूमि चयन करने जैसे प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।
स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रस्तावों में गंगापुर कबड़वाल स्थित गोशाला में बायोगैस प्लांट स्थापित करने, मृत गोवंश के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए इंसिनरेटर लगाने तथा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट नियम-2026 के तहत उपविधि तैयार करने के प्रस्ताव शामिल रहे।
इसके अलावा नगर क्षेत्र में ट्यूबवेल निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध कराने, आरोग्य मंदिरों के अनुबंध पर विचार करने, सार्वजनिक स्थानों पर वाटर कूलर लगाने और यूयूएसडीए की ओर से कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्यों के साथ नालियों का निर्माण अनिवार्य रूप से कराने संबंधी प्रस्ताव भी पारित किए गए।
पार्षद हरगोविंद रावत की ओर से आवासीय क्षेत्रों में संचालित कबाड़ की दुकानों को हटाने और भविष्य में ऐसे प्रतिष्ठानों के संचालन पर रोक लगाने का प्रस्ताव भी सदन में मंजूर किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम के सभी निर्णय जनता की सुविधा, शहर के विकास और पारदर्शी व्यवस्था को ध्यान में रखकर लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पारित प्रस्ताव हल्द्वानी-काठगोदाम को स्वच्छ, व्यवस्थित और आधुनिक नगर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगे।
उन्होंने कहा कि नगर निगम बोर्ड, अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास से शहर के विकास कार्यों को गति दी जाएगी और सभी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जाएगा। बैठक में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, वित्त अधिकारी स्मिता जोशी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. टोलिया सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और सभी पार्षद उपस्थित रहे।


