नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड की बोर्ड बैठक में दुग्ध उत्पादकों को बड़ी राहत देते हुए दूध के खरीद मूल्य में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी का निर्णय लिया गया है। यह नई दरें 15 अप्रैल से लागू होंगी। बैठक का आयोजन संघ के प्रशासनिक भवन में अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में किया गया, जिसमें विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा के बाद इस निर्णय को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।
बैठक में दुग्ध संघों के लिए सेवा नियमावली को भी स्वीकृति प्रदान की गई, जिससे लगभग 20 वर्षों के बाद संघों में नियुक्तियों का रास्ता साफ हो गया है। इसे संगठनात्मक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस अवसर पर अध्यक्ष मुकेश बोरा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा, सचिव डेरी विकास बीबीआरसी पुरुषोत्तम तथा निदेशक डेरी अशोक कुमार जोशी का आभार व्यक्त किया।
बैठक के दौरान जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी मुकेश नेगी ने सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा से विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और नैनीताल दुग्ध संघ द्वारा सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि संघ द्वारा योजनाओं को सही ढंग से लागू किया जा रहा है, जो सराहनीय है। साथ ही भविष्य में भी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे से पूर्व दुग्ध उत्पादकों को राहत देने के उद्देश्य से दूध के खरीद मूल्य में वृद्धि का प्रस्ताव लाया गया था। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश और दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा के मार्गदर्शन में बोर्ड ने इसे मंजूरी दी, जिसके बाद अध्यक्ष द्वारा नई दरें लागू करने के निर्देश जारी किए गए।
बैठक में दुग्ध उत्पादकों के हितों, दुग्ध संग्रहण व्यवस्था में सुधार, संघ की कार्यप्रणाली को मजबूत बनाने, कर्मचारियों से जुड़े विषयों और भविष्य की योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और संघ के विकास कार्यों को गति देने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए।
दूध के दाम में बढ़ोतरी के इस फैसले से हजारों दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों को सीधा लाभ मिलेगा। लंबे समय से खरीद मूल्य बढ़ाने की मांग कर रहे उत्पादकों में इस निर्णय के बाद खुशी का माहौल है।
अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि दुग्ध संघ हमेशा उत्पादकों के हितों को प्राथमिकता देता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस निर्णय से न केवल उत्पादकों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिलेगा, बल्कि संघ की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता भी बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
बैठक में संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, किशन सिंह बिष्ट, आनंद सिंह नेगी, दीपा देवी, खष्टी देवी, दीपा रैकवाल, पुष्पा देवी, हेमा देवी सहित कई सदस्य मौजूद रहे। इसके अलावा सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी एंड आई सुभाष बाबू, एफओ शांति कोरंगा सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।


