उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय ने प्रशासनिक सुधार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए निरीक्षक स्तर के अधिकारियों को पदोन्नत कर पुलिस उपाधीक्षक (डिप्टी एसपी) बना दिया है। यह निर्णय शासन के निर्देशों के तहत प्रोन्नति कोटा में खाली पड़े पदों को भरने के उद्देश्य से लिया गया है, जिससे विभाग की कार्यक्षमता में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
जारी आदेश के मुताबिक, 10 निरीक्षक और समकक्ष अधिकारियों को पुलिस उपाधीक्षक (कनिष्ठ वेतनमान) के पद पर पदोन्नति दी गई है। पदोन्नत अधिकारियों में चन्द्र मोहन, भावना कैंथोला, होशियार सिंह, देवेंद्र सिंह, चंचल शर्मा, अंजना नेगी, उमेश मलिक, संतोष कुमार बगडवाल, वेद प्रकाश और संजय कुमार उप्रेती शामिल हैं। इन सभी को पदोन्नति के साथ अलग-अलग जिलों और इकाइयों में नई तैनाती भी दी गई है।
वहीं, पुलिस मुख्यालय ने प्रशासनिक जरूरतों और जनहित को ध्यान में रखते हुए कई पुलिस उपाधीक्षकों के तबादले भी किए हैं। स्थानांतरित अधिकारियों में अनुज, अनुज कुमार, रीना राठौर, विमल प्रसाद और नितिन लोहानी प्रमुख हैं।
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने पदोन्नत अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपनी नई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह फैसला पुलिस विभाग को और अधिक सशक्त और प्रभावी बनाने में सहायक साबित होगा।


