उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को देहरादून स्थित कैम्प कार्यालय में राष्ट्रीय उद्घोषक एवं बाल साहित्यकार इंजी. ललित शौर्य की पुस्तक “प्रदूषण पर प्रहार” का विमोचन किया। यह पुस्तक विभिन्न प्रकार के प्रदूषणों के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने पर केंद्रित है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह पुस्तक बच्चों के साथ-साथ बड़ों को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि आज के समय में प्रदूषण एक गंभीर समस्या बन चुका है, जिसके प्रति लोगों को जागरूक और सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने लेखक के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ललित शौर्य लगातार प्रेरणादायक पुस्तकों का सृजन कर समाज में सकारात्मक संदेश दे रहे हैं।
पुस्तक के लेखक इंजी. ललित शौर्य ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि यह पुस्तक उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव पराग मधुकर धकाते के मार्गदर्शन में तैयार की गई है। इसका उद्देश्य वायु प्रदूषण, जल प्रदूषण, बायोमेडिकल वेस्ट और ई-वेस्ट जैसे विभिन्न प्रकार के प्रदूषणों के कारणों और उनके समाधान के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
उन्होंने बताया कि इस पुस्तक में आठ सचित्र कहानियाँ शामिल हैं, जो प्रेरक तरीके से प्रदूषण से जुड़े अनछुए पहलुओं को पाठकों के सामने प्रस्तुत करती हैं।
समाजसेवी इंजी. विपिन ने कहा कि ललित शौर्य केवल पुस्तक लेखन ही नहीं बल्कि “मोबाइल नहीं, पुस्तक दो” अभियान भी चला रहे हैं, जो आज के समय में अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बच्चों का स्क्रीन टाइम कम करना एक बड़ी चुनौती है, जिसे बाल साहित्य के माध्यम से काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। गौरतलब है कि इंजी. ललित शौर्य की इससे पहले स्वच्छता, वन्यजीव संरक्षण, जल संरक्षण, नदियों की स्वच्छता और नैतिक शिक्षा जैसे विषयों पर 18 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। उन्हें कई राष्ट्रीय पुरस्कारों से भी सम्मानित किया जा चुका है।


