देश में भ्रष्टाचार के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अभी तक आपने अधिकारियों और कर्मचारियों के रिश्वत लेते पकड़े जाने की खबरें पढ़ी होंगी, लेकिन इस बार हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विधायक चंद्रू लमानी को लोकायुक्त पुलिस ने कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
गडग जिले के शिरहट्टी विधानसभा क्षेत्र से विधायक चंद्रू लमानी को लक्ष्मेश्वर शहर स्थित उनके ही अस्पताल में पकड़ा गया। लोकायुक्त पुलिस ने यह कार्रवाई एक कॉन्ट्रैक्टर विजय पुजार की शिकायत के आधार पर की। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि विधायक ने एक रोड-कम-ब्रिज परियोजना के तहत रिटेंशन वॉल निर्माण का एक करोड़ रुपये का ठेका दिलाने के बदले 11 लाख रुपये की मांग की थी।
लोकायुक्त अधिकारियों के अनुसार, तय योजना के तहत कॉन्ट्रैक्टर ने 5 लाख रुपये की पहली किस्त विधायक के निजी सहायकों को दी। जैसे ही राशि सौंपी गई, पहले से घात लगाए बैठी लोकायुक्त टीम ने छापा मारकर विधायक के पर्सनल स्टाफ गुरु और मंजूनाथ को हिरासत में ले लिया। इसके बाद विधायक को भी पूछताछ के लिए पकड़ा गया। तीनों से गडग में लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक (एसपी) द्वारा पूछताछ की जा रही है।
बताया जा रहा है कि पहली बार विधायक बने लमानी पेशे से मेडिकल प्रोफेशनल भी हैं। यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि इससे पहले भी कर्नाटक में एक अन्य भाजपा विधायक को इसी तरह के आरोपों में गिरफ्तार किया जा चुका है।
साल 2009 में Kolar Gold Fields (केजीएफ) से जुड़े विधायक एन. संपांगी को एक भूमि विवाद से संबंधित पुलिस मामले को बंद कराने के बदले 5 लाख रुपये लेते हुए गिरफ्तार किया गया था। उन्हें बेंगलुरु स्थित विधानमंडल भवन से हिरासत में लिया गया था। फिलहाल, इस पूरे मामले में लोकायुक्त पुलिस की जांच जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


