उत्तराखंड में शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है। रिश्वतखोरी के गंभीर मामले में सख्त रुख अपनाते हुए विभागीय मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने डोईवाला के प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी धनबीर सिंह के निलंबन को मंजूरी दे दी है। शासन स्तर से जल्द ही औपचारिक आदेश जारी किए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार, विजिलेंस टीम ने हाल ही में धनबीर सिंह को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए उनके खिलाफ उत्तराखंड सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली, 2003 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की गई है।
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने स्पष्ट कहा कि विभाग में भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर काम कर रही है, लेकिन कुछ कर्मचारी विभाग की छवि को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिन पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नियमित निरीक्षण किया जाए और छात्रों, अभिभावकों व आमजन से फीडबैक लेकर व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाया जाए। उन्होंने दोहराया कि शिक्षा विभाग में किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।


