उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। विजिलेंस टीम ने बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी उपभोक्ता से उसकी पत्नी के नाम पर खरीदी गई अपार्टमेंट में बिजली कनेक्शन दिलाने और विद्युत लोड बढ़ाने के नाम पर 80,000 रुपये की अवैध मांग कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान देहरादून में शिकायत दर्ज कराई थी कि पथरी बाग स्थित 33/11 केवी बिजली घर में तैनात अवर अभियंता अतुल कुमार बिजली कनेक्शन जारी करने और लोड बढ़ाने के एवज में अवैध धनराशि मांग रहा है। शिकायत की पुष्टि होने के बाद विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया।
मंगलवार को देहरादून की विजिलेंस टीम ने ट्रैप ऑपरेशन के दौरान आरोपी जेई अतुल कुमार को शिकायतकर्ता से 80 हजार रुपये लेते हुए गिरफ्तार किया। मौके पर ही टीम ने आवश्यक साक्ष्य जुटाए और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
सतर्कता अधिष्ठान के अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में अन्य कोई कर्मचारी या अधिकारी संलिप्त तो नहीं है।
इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है। सतर्कता टीम ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो उसकी शिकायत तुरंत दर्ज कराएं, ताकि भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।


