उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ऊधमसिंहनगर जिले के किच्छा क्षेत्र से एक कथित स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 91.16 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) बरामद हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती के निर्देशन में परिक्षेत्रीय एसओटीएफ कुमाऊं और कोतवाली किच्छा की लालपुर चौकी पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया। 7 जुलाई की देर शाम गुरुद्वारे वाली गली, लालपुर में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उसके पास से 91.16 ग्राम स्मैक बरामद होने पर उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मलकीत सिंह (38) पुत्र सोहन सिंह, निवासी गुरुद्वारे वाली गली, लालपुर, थाना किच्छा, जनपद ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई है। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ कोतवाली किच्छा में मुकदमा अपराध संख्या 248/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामले दर्ज हैं। उसके विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 146/2026 तथा 183/2026 में भी एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/21 और 29 के तहत कार्रवाई चल रही है।
कुमाऊं पुलिस ने कहा है कि प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के लिए चलाया जा रहा “ऑपरेशन प्रहार” आगे भी लगातार जारी रहेगा। मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और ऐसे अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।


