उत्तराखंड में सरकारी विभाग के नाम पर वाहन स्वामियों से धोखाधड़ी और अवैध वसूली का मामला सामने आया है। आरटीओ कार्यालय के पास अपनी निजी गाड़ियों को ही अवैध दफ्तर बनाकर बैठे दो युवक वाहन संबंधी दस्तावेज तैयार कराने के नाम पर लोगों से निर्धारित सरकारी शुल्क से अधिक रकम वसूल रहे थे। एसटीएफ कुमाऊं यूनिट ने पंतनगर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 75 आरसी, 7 ड्राइविंग लाइसेंस और 19 फॉर्म-30 समेत बड़ी संख्या में दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
एसटीएफ के मुताबिक, सरकारी विभागों की आड़ में आम लोगों से धोखाधड़ी और अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ लंबे समय से सूचनाएं जुटाई जा रही थीं। इसी दौरान जानकारी मिली कि आरटीओ कार्यालय रुद्रपुर के आसपास दो अलग-अलग वाहनों में कुछ लोग आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य वाहन संबंधी दस्तावेज बनवाने के नाम पर लोगों से निर्धारित सरकारी शुल्क से अधिक पैसे वसूल रहे हैं।
सूचना मिलते ही एसटीएफ कुमाऊं यूनिट और पंतनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने जिला सैनिक विश्राम गृह के गेट के पास दबिश दी। मौके पर दो निजी वाहनों की तलाशी ली गई। इस दौरान एक वाहन में प्रवीण बाछाड़ निवासी चन्दीपुर विजयपुर, थाना दिनेशपुर और दूसरे वाहन में लैपटॉप पर काम कर रहे पंकज कांति सेन निवासी ट्रांजिट कैंप को गिरफ्तार किया गया।
सरकारी फीस की जानकारी छिपाकर वसूलते थे अधिक रकम
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी आरटीओ कार्यालय से संबंधित कार्य कराने के नाम पर वाहन स्वामियों से संपर्क करते थे। इसके बाद सरकारी शुल्क की वास्तविक जानकारी छिपाकर उनसे निर्धारित फीस से अधिक रकम वसूलते थे। आरोपी अपनी निजी गाड़ियों को ही अवैध कार्यालय के रूप में इस्तेमाल कर रहे थे। लैपटॉप, प्रिंटर और इंटरनेट डिवाइस की मदद से दस्तावेज तैयार कराने का काम किया जा रहा था।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपियों ने कुछ डुप्लीकेट आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस निजी लैब से तैयार कराकर वाहन स्वामियों को उपलब्ध कराए थे। एसटीएफ अब इस पूरे फर्जीवाड़े के नेटवर्क की जांच कर रही है।
75 आरसी और 7 ड्राइविंग लाइसेंस बरामद
संयुक्त टीम ने आरोपियों के कब्जे से 75 वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी), 7 ड्राइविंग लाइसेंस, 19 फॉर्म-30, आरसी के साथ आधार और पैन कार्ड की प्रतियां बरामद की हैं। इसके अलावा एक लैपटॉप, प्रिंटर, माउस, इंटरनेट डिवाइस और धोखाधड़ी में इस्तेमाल किए जा रहे दो वाहनों को भी कब्जे में लिया गया है।
एसटीएफ अब बरामद दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही है। साथ ही इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों और अब तक की गई अवैध वसूली का पता लगाया जा रहा है। एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह ने लोगों से अपील की है कि आरटीओ सहित किसी भी सरकारी कार्यालय से जुड़े कार्य केवल अधिकृत माध्यमों से ही कराएं और अपने महत्वपूर्ण दस्तावेज किसी अनजान व्यक्ति को न सौंपें।



