भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर पर संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों की घोषणा कर दी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी के नए पदाधिकारियों की सूची जारी की, जिसमें उत्तराखंड के चार नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। इसे राज्य के लिए संगठनात्मक स्तर पर बड़ी तवज्जो के तौर पर देखा जा रहा है।
उत्तराखंड से पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को भाजपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन ने आलोक भट्ट को सोशल मीडिया सह-संयोजक और महेंद्र पांडे को राष्ट्रीय कार्यालय मंत्री नियुक्त किया है।
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन में उत्तराखंड के चार नेताओं को जगह मिलने से प्रदेश संगठन में भी उत्साह का माहौल है। पार्टी नेताओं का कहना है कि राष्ट्रीय स्तर पर इन नेताओं को जिम्मेदारी मिलने से उत्तराखंड की संगठनात्मक भूमिका और मजबूत होगी।
पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने को विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं, अनिल बलूनी को मीडिया से जुड़ी अहम जिम्मेदारी मिलने से पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रबंधन में उनकी भूमिका बढ़ेगी। आलोक भट्ट और महेंद्र पांडे को भी संगठन से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
भाजपा नेतृत्व की ओर से जारी नई सूची के बाद उत्तराखंड के राजनीतिक और संगठनात्मक गलियारों में इन नियुक्तियों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। चार नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी मिलने से प्रदेश को पार्टी संगठन में महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है।


